फर्जी टॉपर गणेश पर एसएसपी मनु महाराज का बड़ा बयान
बिहार बोर्ड इंटरमीडियट परीक्षा में आर्ट्स स्ट्रीम का टॉपर गणेश कुमार के फर्जी सिद्ध होने के बाद देर रात गिरफ़्तारी की गयी । गणेश कुमार 42 वर्ष का होने के बावज़ूद 24 साल का बनकर इंटर की परीक्षा दी और फर्जी तरीके से टॉपर बन गया । उम्र के मामले में किए गए धोखाधड़ी के कारण गणेश को हिरासत में लिया गया ।
गणेश कुमार को हिरासत में लेने के बाद पटना एसएसपी मनु महाराज के नेतृत्व में उससे कड़ी पूछताछ की गयी । गणेश ने पुलिस को पूरी कहानी बताते हुए कहा कि गिरिडीह में रहकर चिट फंड कंपनी चलाया करता था जिसके कारण उसपर 15 लाख का कर्ज चढ़ गया था । इसलिए पटना भागकर आ गया और पढ़ाई करने लगा । सरकारी नौकरी पाने के लालच में फ़र्जी तरीके से अपना एडमिशन समस्तीपुर के स्कूल में करा लिया । जहाँ से वह इस वर्ष इंटर आर्ट्स टॉपर बन गया । उसने यह भी कहा कि उसने 1990 में मैट्रिक की परीक्षा पास की और ज्ञान के मामले में वह किसी से पीछे नहीं है ।
एसएसपी मनु महाराज ने इस मामले पर मीडिया से कहा कि मामले की गहन जाँच की जा रही है । आगे जितने भी दोषी इस प्रकरण में शामिल होंगे किसी को नहीं बख्शा जायेगा । साथ ही गणेश के विद्यालय की भी जांच होगी । अभी गणेश को रिमांड पर रखकर आगे की पूछताछ की जाएगी ।
बता दें कि 30 मई को बिहार बोर्ड इंटर का रिजल्ट आने के बार आर्ट्स स्ट्रीम से गणेश कुमार को टॉपर घोषित किया गया । गणेश दो दिनों तक मीडिया से भागता रहा और हाथ आने पर संगीत विषय जिसके प्रैक्टिकल में 70 में से उसे 65 अंक मिले हैं,के एक भी प्रश्न का सही उत्तर नहीं दे पाया । बाद में जाँच होने पर सारा भांडा फूटा ।